जॉब का झांसा देकर महिला और नाबालिग से छेड़खानी, फर्जी नाम बताकर बुलाया, फिर कार में की बदसलूकी

रायगढ़ | रायगढ़ जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र में नौकरी दिलाने के बहाने एक महिला और नाबालिग बालिका को झांसे में लेकर उनके साथ छेड़खानी करने वाले एक शातिर आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपनी पहचान छुपाने के लिए फर्जी नाम का सहारा लिया था, लेकिन पुलिस की तकनीकी जांच और मुस्तैदी के आगे उसकी चालाकी धरी की धरी रह गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी सुरेन्द्र बेहरा (34 वर्ष), निवासी ग्राम रायकेरा, ने पीड़िताओं को अपना नाम ‘विजय’ बताया था। उसने बेहतर नौकरी दिलाने का झांसा देकर महिला और नाबालिग को मिलने के लिए बुलाया। इसके बाद आरोपी उन्हें अपनी कार में बिठाकर ले गया और सुनसान रास्ते पर उनके साथ अभद्र व्यवहार और छेड़खानी शुरू कर दी। किसी तरह आरोपी के चंगुल से छूटकर पीड़िताओं ने थाने पहुँचकर आपबीती सुनाई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। प्रशिक्षु डीएसपी एवं थाना प्रभारी घरघोड़ा अजय नागवंशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की। आरोपी ने ‘विजय’ नाम का फर्जी मुखौटा पहन रखा था, लेकिन जिस मोबाइल नंबर से उसने संपर्क किया था, पुलिस ने उसे ट्रैक करना शुरू किया। तकनीकी विश्लेषण के जरिए पुलिस असली आरोपी सुरेन्द्र बेहरा तक पहुँच गई।

पुलिस ने रायकेरा में दबिश देकर सुरेन्द्र को हिरासत में लिया। जब पीड़िताओं के सामने उसकी पहचान कराई गई, तो उन्होंने तुरंत उसे पहचान लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई कार और आरोपी का मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है। आरोपी के विरुद्ध महिला सुरक्षा और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है। उन्होंने कहा, “आरोपी ने नाम बदलकर पुलिस को चकमा देने की कोशिश की, लेकिन वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर उसे दबोच लिया गया। महिला सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले किसी भी असामाजिक तत्व के खिलाफ रायगढ़ पुलिस इसी तरह की सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।”

Advertisement

Related Articles