नाबालिग को शादी का झांसा देकर भगा ले जाने वाला आरोपी हैदराबाद से गिरफ्तार, कसडोल पुलिस ने बालिका को किया सकुशल बरामद



चंदन जायसवाल : कसडोल। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले की कसडोल पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब सात महीने पहले गायब हुई एक नाबालिग बालिका को हैदराबाद से सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी युवक को भी गिरफ्तार किया है, जिसने बालिका को शादी का झांसा देकर अगवा किया था और उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया था।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम मौहाभाठा ठाकुरदिया निवासी आरोपी रोशन कुमार तूरी (19 वर्ष) ने 8 सितंबर 2025 की रात को एक नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया था। बालिका के पिता की शिकायत पर कसडोल पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के कुशल निर्देशन में पुलिस की टीम लगातार बालिका की तलाश में जुटी थी।
विवेचना के दौरान कसडोल पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और कॉल डेटा का विश्लेषण किया, जिससे पता चला कि आरोपी बालिका को लेकर हैदराबाद में छिपा हुआ है। सूचना की तस्दीक होते ही कसडोल पुलिस की एक विशेष टीम हैदराबाद भेजी गई। टीम ने वहां दबिश देकर आरोपी रोशन कुमार को धर दबोचा और उसके कब्जे से नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया।
बालिका ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि आरोपी ने उसे शादी का झांसा देकर भगाया था और हैदराबाद ले जाकर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। बालिका के बयान के आधार पर पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 87, 64(1) और पाक्सो एक्ट (POCSO Act) की धारा 4 व 6 जोड़ते हुए आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।











