रिसदा बाईपास पर उपद्रव: शराब के पैसे न मिलने पर ट्रकों में तोड़फोड़ करने वाले 5 आरोपी गिरफ्तार



बलौदाबाजार | शहर के रिसदा बाईपास रोड पर सोमवार तड़के उस समय हड़कंप मच गया, जब नशे में धुत कुछ युवकों ने मुख्य मार्ग पर ट्रकों को रोककर उत्पात मचाना शुरू कर दिया। शराब पीने के लिए पैसों की मांग पूरी न होने पर आरोपियों ने न केवल ट्रक चालकों के साथ मारपीट की, बल्कि वाहनों में जमकर तोड़फोड़ भी की। हालांकि, ट्रक चालकों की जागरूकता और सिटी कोतवाली पुलिस की त्वरित कार्रवाई से दो नाबालिगों सहित कुल पांच आरोपियों को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया है।
प्रार्थी ट्रक चालक राजेश कुमार रविदास ने बताया कि वह ओडिशा से माल लोड कर बलौदाबाजार स्थित श्री सीमेंट फैक्ट्री आ रहा था। सोमवार सुबह करीब 5 बजे जैसे ही उसका ट्रक रिसदा बाईपास के पास पहुँचा, दो मोटरसाइकिलों पर सवार युवकों ने ट्रक के सामने अपनी गाड़ियाँ अड़ा दीं। आरोपियों ने चालक को जबरन बाहर खींच लिया और शराब पीने के लिए पैसों की मांग की। पैसे देने से इनकार करने पर बदमाशों ने अश्लील गाली-गलौज करते हुए चालक की पिटाई कर दी और ट्रक में लगे जीपीएस (GPS) सिस्टम को उखाड़ फेंका।
इतना ही नहीं, आरोपियों ने आसपास से गुजर रहे अन्य ट्रकों पर भी पत्थरबाजी शुरू कर दी, जिससे कई वाहनों के सामने के शीशे टूट गए। इस दौरान पूरे बाईपास रोड पर दहशत का माहौल बन गया। ट्रक चालकों ने एकजुटता दिखाते हुए तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। सिटी कोतवाली पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुँची। पुलिस को देख आरोपी भागने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन वाहन चालकों के सहयोग से पुलिस ने घेराबंदी कर तीन बालिग और दो विधि से संघर्षरत बालकों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
छत्रपाल यादव (19 वर्ष), निवासी ग्राम अमसेना (आरंग), हाल मुकाम रिसदा रोड।
नरेश कुर्रे (19 वर्ष), निवासी ग्राम छुईहा मालगुजारी।
भावेश वैष्णव (20 वर्ष), निवासी वार्ड-17, लोहिया नगर, बलौदाबाजार।
दो नाबालिग (विधि से संघर्षरत बालक)।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने इस मामले में ट्रक चालकों की सतर्कता की सराहना की है।











