LIVE UPDATE

CG Breaking : छत्तीसगढ़ में एक ही परिवार के 4 लोगों की हत्या

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर चांपा जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के भवंतरा गांव में बुधवार की रात एक ही परिवार के चार सदस्यों की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनके नाती-नातिन शामिल हैं। इस हत्याकांड से पूरे इलाके में दहशत और मातम का माहौल है। बताया जा रहा है कि, मृतकों के शव उनके ही निर्माणाधीन मकान में खाट पर लहूलुहान हालत में पाए गए हैं।

दिल दहला देने वाली इस घटना का खुलासा गुरुवार सुबह उस वक्त हुआ, जब मकान निर्माण का काम करने के लिए मिस्त्री वहां पहुँचा। मिली जानकारी के अनुसार, जैसे ही मिस्त्री मकान के अंदर दाखिल हुआ, उसने मेदनी प्रसाद कश्यप, पीताम्बर कश्यप, शांति बाई और मासूम कुमारी मोगरा की लाशें खाट पर पड़ी देखीं। चारों के शरीर पर धारदार हथियार से वार के निशान थे। घटना देख मिस्त्री के होश उड़ गए और उसने तत्काल इसकी जानकारी ग्रामीणों को दी।

घटना की सूचना मिलते ही सरपंच राजाराम कश्यप ने पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद भारी पुलिस बल मौके पर पहुँचा। मिली जानकारी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पुलिस इस हत्याकांड के पीछे संपत्ति विवाद की आशंका जता रही है। वारदात की गुत्थी सुलझाने के लिए बिलासपुर से फॉरेंसिक एक्सपर्ट और डॉग स्क्वायड की टीम को बुलाया गया है, जो मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटा रही है।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पड़ोस में रहने वाले एक संदेही को हिरासत में लिया है, जिससे कड़ी पूछताछ की जा रही है। परिवार के सभी सदस्य अपने नए बन रहे मकान की रखवाली के लिए वहीं सोए हुए थे, जिसका फायदा उठाकर हत्यारों ने देर रात इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के आला अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान के लिए हर संभावित पहलू पर बारीकी से तफ्तीश की जा रही है और जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा।

Related Articles