CG Breaking : आरक्षक की पत्नी और मासूम बेटे की हत्या, घर में घुसी महिला ने मचाया तांडव




दुर्ग। जिले के सुपेला थाना क्षेत्र अंतर्गत भिलाई की STF कॉलोनी शनिवार सुबह चीख-पुकार और खून के धब्बों से दहल उठी। एक सिरफिरी महिला ने घर में घुसकर STF आरक्षक की पत्नी और उसके 9 साल के मासूम बेटे की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी महिला ने आरक्षक की पत्नी पर 18 और सो रहे बच्चे पर 14 वार किए। इस खूनी खेल में दो बेटियां घायल हुई हैं, जिनमें से एक ने बाथरूम में छिपकर अपनी जान बचाई। वारदात के बाद भाग रही आरोपी महिला को पड़ोसियों ने घेराबंदी कर दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतिका रीना यादव (32वर्ष) के पति ललितेश यादव बीजापुर में STF आरक्षक के पद पर पदस्थ हैं और वर्तमान में 15 दिनों की छुट्टी पर घर आए हुए थे। शनिवार सुबह करीब 8 बजे ललितेश रेलवे स्टेशन पर टिकट रिजर्वेशन कराने गए थे। उनके जाते ही जांजगीर निवासी आरोपी महिला सरोजनी भारद्वाज (25 वर्ष) सामान लेकर घर पहुंची और विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते महिला ने चाकू निकाल लिया और रीना पर हमला कर दिया।
हमले की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आरोपी ने रीना के शरीर पर 18 बार चाकू से वार किया। इस दौरान जब 9 वर्षीय बेटा आदित्य जाग गया, तो उस पर भी आरोपी ने 14 वार किए। घायल रीना ने मरते-दम तक वीरता का परिचय दिया और आरोपी का पैर पकड़कर अपनी बेटियों को भागने के लिए कहा। 11 वर्षीय बेटी तानिया घायल अवस्था में घर से बाहर निकलकर पड़ोसियों को सूचना देने में सफल रही, जबकि 12 वर्षीय नैना ने बाथरूम में छिपकर अपनी जान बचाई।
मिली जानकारी के अनुसार, इलाके में चर्चा है कि आरक्षक ललितेश यादव और आरोपी सरोजनी के बीच फेसबुक के माध्यम से संपर्क हुआ था और दोनों ने कथित तौर पर शादी भी कर ली थी। ललितेश ने ही महिला को दुर्ग में किराए का मकान लेकर रखवाया था। आरोपी महिला शुक्रवार को भी ललितेश के घर आई थी, तब उसे समझाकर वापस भेज दिया गया था। शनिवार सुबह वह अपना सामान लेकर ललितेश के घर रहने की जिद पर पहुंची थी, जिसके बाद यह खूनी संघर्ष हुआ।
शोर सुनकर पहुंचे पड़ोसियों ने आरोपी महिला को
मौके पर ही पकड़ लिया और उसके हाथ से खून से सना चाकू छीन लिया। सूचना पर पहुंची सुपेला पुलिस ने आरोपी सरोजनी भारद्वाज को हिरासत में ले लिया है। अस्पताल ले जाने के दौरान रीना और उसके बेटे आदित्य की मौत हो गई, जबकि घायल बेटी का उपचार जारी है। पुलिस ने हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरक्षक की भूमिका और महिला के दावों की भी पड़ताल की जा रही है। इस वीभत्स हत्याकांड के बाद पूरी STF कॉलोनी में मातम और दहशत का माहौल है।











