CG Crime : कलयुगी मां की करतूत, 15 दिन के मासूम को जिंदा कुएं में फेंका, पुलिस ने किया गिरफ्तार





CG Crime : कबीरधाम। कबीरधाम जिले में मानवता को शर्मसार कर देने वाला एक मामला सामने आया है, जहां एक मां ने ही अपनी ममता का गला घोंट दिया। बोड़ला थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने 15 दिन के नवजात शिशु को जिंदा कुएं में फेंककर मार डाला। पुलिस ने इस जघन्य हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपी मां को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस को मर्ग क्रमांक 62/2025 के तहत एक नवजात शिशु (लड़का) का शव मिलने की सूचना मिली थी। एसपी डॉ. धर्मेन्द्र सिंह के निर्देश पर बोड़ला पुलिस ने मामले की गहनता से जांच शुरू की। जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की बात सामने आने पर पुलिस ने कड़ियाँ जोड़ीं। जांच में पता चला कि मृत शिशु आरोपी समरौतिन बाई बैगा (23 वर्ष), निवासी चेंदरा दादर (दलदली) का था।

पुलिस पूछताछ में आरोपी महिला ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने बताया कि करीब 15 दिन पहले ग्राम मुडघुसरी में उसने बच्चे को जन्म दिया था। इसके बाद वह अपने मायके ‘नवाटोला रानीदहरा’ आ गई। यहां परिजनों के बहकावे में आकर उसने अपने ही जिगर के टुकड़े को गांव के कुएं में फेंक दिया।
पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में आरोपी महिला से घटना का नाट्य रूपांतरण (Recreation) कराया और उसकी वीडियोग्राफी भी की, ताकि अदालत में पुख्ता सबूत पेश किए जा सकें। पुलिस ने आरोपी समरौतिन बाई के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) (हत्या) के तहत मामला दर्ज कर उसे 25 नवंबर को जेल भेज दिया है।











