फिल्मी स्टाइल में स्कॉर्पियो से युवक का अपहरण, 12 घंटे के भीतर मध्यप्रदेश से 4 किडनैपर गिरफ्तार

चंदन जायसवाल : बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले अंतर्गत हथबंद पुलिस ने फिल्मी अंदाज में हुए एक अपहरण कांड का महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। रिंगनी रेलवे फाटक के पास से स्कॉर्पियो सवार बदमाशों द्वारा अपहृत किए गए कंपनी सुपरवाइजर को पुलिस ने मध्यप्रदेश के डिंडोरी जिले से सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में अंतर्राज्यीय कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात में प्रयुक्त वाहन जब्त कर लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, घटना शुक्रवार शाम करीब 6 बजे की है। आर.एस. इंफ्रा कंपनी के सुपरवाइजर शैनू शेख रिंगनी रेलवे फाटक के पास मौजूद थे, तभी अचानक वहां स्कॉर्पियो (क्रमांक CG-16 CU-2066) रुकी। वाहन से उतरे चार युवकों ने पहले शैनू के साथ मारपीट की और फिर उसे जबरन खींचकर गाड़ी में डाल लिया। दिनदहाड़े हुए इस अपहरण से इलाके में हड़कंप मच गया। मामले की सूचना तत्काल प्रार्थी चीनू शेख ने हथबंद थाने में दी।

अपहरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता ने तत्काल साइबर सेल और हथबंद पुलिस की संयुक्त टीम गठित की। पुलिस ने आरोपियों के भागने के रास्तों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले और टोल नाकों से तकनीकी इनपुट जुटाए। लोकेशन ट्रेस होते ही पुलिस टीम ने रातभर आरोपियों का पीछा किया। आखिरकार, पुलिस ने आरोपियों को मध्यप्रदेश के करंजिया (जिला डिंडोरी) में घेराबंदी कर दबोच लिया और अपहृत शैनू शेख को उनके चंगुल से सुरक्षित छुड़ा लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि पुरानी रंजिश और आपसी विवाद के चलते उन्होंने शैनू शेख को सबक सिखाने के लिए अपहरण की योजना बनाई थी। गिरफ्तार आरोपियों में ओम नारायण पांडेय (33 वर्ष, डिंडोरी), अजय यादव (38 वर्ष, अमरकंटक), अभिषेक श्याम (23 वर्ष, डिंडोरी) और योगीराज परस्ते (26 वर्ष, डिंडोरी) शामिल हैं।

सरेराह हुई इस वारदात को सुलझाने में हथबंद पुलिस और साइबर सेल की टीम ने मिसाल पेश की है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। शनिवार को सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की प्रक्रिया पूरी की गई। इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है।

Advertisement

Related Articles