Raipur Breaking : बीरगांव में मितानिन के घर विस्फोटक सामग्री रखने वाला आरोपी गिरफ्तार, बम से खुद को उड़ाने की तैयारी में था



रायपुर। राजधानी रायपुर के बीरगांव इलाके में मितानिन के घर विस्फोटक सामग्री रखने के मामले में खमतराई पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी घटना के बाद लगातार अलग-अलग स्थानों में छिपकर फरार चल रहा था, जिसे तकनीकी साक्ष्यों और घेराबंदी के जरिए पुलिस ने धर दबोचा। मामले में पुलिस ने विस्फोटक सामग्री बनाने में उपयोग की गई वस्तुएं और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
पुलिस के मुताबिक, 7 मई 2026 की सुबह खमतराई थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि बीरगांव प्रगति चौक के पास रहने वाली पुष्पा साहू के घर में एक संदिग्ध बैग रखा हुआ है। पूछताछ में पता चला कि उसके परिचित विनय कुमार देवांगन ने 6 मई की रात एक काला हैंडबैग यह कहकर घर में रखा था कि वह सुबह आकर ले जाएगा। लेकिन सुबह तक उसके नहीं लौटने पर जब बैग खोला गया तो उसमें बम जैसी सामग्री और पिस्टलनुमा वस्तु देखकर हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही खमतराई पुलिस, बम डिस्पोजल स्क्वॉड (BDS) और बैलिस्टिक एक्सपर्ट की टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान बैग से तीन बम नुमा बोतलें, तार, बैटरी, कनेक्टर, एलईडी आधारित IED मैकेनिज्म, फिलामेंट, एयर पिस्टल और अन्य संदिग्ध सामान बरामद किया गया। सुरक्षा मानकों के तहत विस्फोटक सामग्री को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर डिफ्यूज किया गया। प्राथमिक परीक्षण में सामग्री विस्फोटक पाई गई।
मामले में थाना खमतराई में आरोपी विनय कुमार देवांगन के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 4 और 5 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी, जो गिरफ्तारी से बचने के लिए अपना ठिकाना बदलता रहा।
आखिरकार तकनीकी इनपुट के आधार पर पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी भनपुरी रिंग रोड नंबर-2 इलाके में मौजूद है। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पारिवारिक क्लेश से परेशान था और आत्महत्या करने की नीयत से विस्फोटक सामग्री तैयार कर रहा था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अतिरिक्त बैटरी, फटाका ज्वांइटर, तार एवं कनेक्टर समेत घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 MK 2712 जब्त कर ली है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।











