ड्रम कांड के बाद अब टाइल्स कांड : प्रेमी संग मिलकर पत्नी ने की पति की हत्या, शव कमरे में दफनाकर ऊपर टाइल्स लगा सोती रही

मुंबई। मुंबई के नाला सोपारा इलाके से एक ऐसी खौफनाक घटना सामने आई है, जिसने रिश्तों को तार-तार कर दिया है। यहाँ एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर न केवल अपने पति की हत्या कर दी, बल्कि शव के तीन टुकड़े कर उसे कमरे के फर्श में ही दफना दिया। हद तो तब हो गई जब सबूत मिटाने के लिए उसने ऊपर से टाइल्स लगवा दीं और कई दिनों तक उसी जगह पर बेड लगाकर आराम से सोती रही।

 

ये भी पढ़ें – कातिल पत्नी : अवैध संबंधों में रोड़ा बन रहे पति को पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर उतारा मौत के घाट

 

यह मामला उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के बक्शा थाना क्षेत्र के अभयचंद पट्टी गांव से जुड़ा है। गांव के निवासी विजय चौहान की शादी सात साल पहले जफराबाद की रहने वाली चमन चौहान से हुई थी। शादी के बाद दोनों मुंबई चले गए और नाला सोपारा में किराए के कमरे में रहने लगे। उनका एक 5 साल का बेटा भी है।

अवैध संबंध बना हत्या का कारण
जानकारी के अनुसार, विजय चौहान अपनी ड्यूटी के दौरान अक्सर ओवर टाइम करता था। इसी बीच, उसकी पत्नी चमन को घर के सामने रहने वाले बिहार निवासी मोनू प्रजापति से प्यार हो गया। दोनों के बीच अवैध संबंध स्थापित हो गए। जब विजय को इस बात की भनक लगी तो पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होने लगा। विजय को रास्ते से हटाने के लिए चमन और उसके प्रेमी मोनू ने एक खौफनाक साजिश रची।

योजनाबद्ध तरीके से की हत्या
एक दिन मौका देखकर चमन और मोनू ने मिलकर विजय की हत्या कर दी। पहचान छिपाने और शव को ठिकाने लगाने के लिए उन्होंने उसके तीन टुकड़े कर दिए। इसके बाद कमरे में ही गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया और किसी को शक न हो, इसलिए ऊपर से नई टाइल्स लगवा दीं। इसके बाद दोनों आरोपी उसी टाइल्स के ऊपर बेड रखकर साथ में सोते रहे।

ऐसे हुआ मामले का खुलासा
मुंबई में ही दूसरी जगह रहने वाले विजय के छोटे भाई अखिलेश चौहान का जब कई दिनों तक अपने भाई से संपर्क नहीं हुआ तो उसे चिंता हुई। वह अपने भाई की खोज में उसके कमरे पर पहुंचा, लेकिन वहां उसे ताला लगा मिला। पता चला कि चमन अपने बेटे और प्रेमी मोनू के साथ कहीं भाग गई है। अखिलेश का शक तब और गहरा हो गया जब उसने कमरे के अंदर नई लगी टाइल्स देखीं।

शक के आधार पर सोमवार को अखिलेश ने टाइल्स को तोड़ा तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। नीचे से उसके भाई विजय का तीन टुकड़ों में बंटा शव मिला। उसने तुरंत मुंबई पुलिस को सूचना दी।

पुलिस की कार्रवाई
सूचना मिलते ही नाला सोपारा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का अनुमान है कि शव करीब 15 दिन पुराना है। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी पत्नी चमन और उसके प्रेमी मोनू प्रजापति की तलाश शुरू कर दी है।

उधर, मंगलवार को जब जौनपुर में विजय के परिजनों को इस घटना की जानकारी मिली तो घर में कोहराम मच गया।

 

Advertisement

Related Articles