CG Crime : मस्जिदपारा में महिला की हत्या का खुलासा, मोबाइल को लेकर हुए विवाद में पति ने पत्नी को उतारा मौत के घाट, आरोपी गिरफ्तार



रायगढ़ । एसएसपी श्री शशि मोहन के दिशा निर्देशन पर धरमजयगढ़ पुलिस ने मस्जिदपारा में झाड़ियों के बीच बोरी से ढके मिले महिला के शव के सनसनीखेज मामले का 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मृतिका के पति मोहब्बत चौहान को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। विवेचना में सामने आया कि मोबाइल फोन को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी ने लकड़ी के चौड़े पट्टे से पत्नी की बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। घटना में प्रयुक्त लकड़ी का पट्टा भी पुलिस ने आरोपी के मेमोरेंडम पर बरामद कर लिया है।
विवेचना के दौरान फरार आरोपी मोहब्बत चौहान को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसकी पत्नी ने उसका की-पैड मोबाइल किसी के यहां गिरवी रख दिया था। 12 जुलाई की रात मोबाइल के संबंध में पूछने पर जब पत्नी ने सही जानकारी नहीं दी तो उसने गुस्से में लकड़ी के चौड़े पट्टे से उसकी पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का पट्टा भी बरामद कर लिया।




गिरफ्तार आरोपी मोहब्बत चौहान, पिता स्व. प्यासराम चौहान, उम्र 47 वर्ष, निवासी ग्राम डगभौना थाना कापू, हाल मुकाम मस्जिदपारा वार्ड क्रमांक 06, धरमजयगढ़, जिला रायगढ़ है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति का है तथा पूर्व में अपने ससुर की हत्या के मामले में जेल जा चुका है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।









